Read Current Affairs
भारतीय अर्थव्यवस्था के समक्ष वर्तमान चुनौतियाँ: सुस्त मांग, बढ़ते आयात और कोर सेक्टर की हकीकत
सामान्य अध्ययन पेपर – III: प्रौद्योगिकी, आर्थिक विकास, जैव विविधता, पर्यावरण, सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन।
संदर्भ
किसी भी अर्थव्यवस्था की सेहत का अंदाजा उसके बुनियादी (कोर) औद्योगिक क्षेत्रों और विनिर्माण गतिविधियों से लगाया जाता है। जब हम अतीत के सांख्यिकीय रुझानों और कम आधार प्रभाव से लेकर वर्तमान के आंकड़ों तक की यात्रा पर नजर डालते हैं, तो यह स्पष्ट हो जाता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था इस समय एक महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण मोड़ पर खड़ी है। जहाँ एक तरफ कुछ क्षेत्रों में सुधार के संकेत दिखते हैं, वहीं दूसरी तरफ बढ़ती घरेलू सुस्ती और वैश्विक अनिश्चितताएं एक नया संकट पैदा कर रही हैं।
भारतीय अर्थव्यवस्था
भारतीय अर्थव्यवस्था वर्तमान में मिश्रित दौर से गुजर रही है, जहाँ एक ओर कुछ बुनियादी क्षेत्र सकारात्मक वृद्धि दिखा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर समग्र मांग में सुस्ती और बाह्य दबाव अर्थव्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय बने हुए हैं।
वर्तमान चर्चा के कारण
कोर सेक्टर के विकास में सुस्ती: जुलाई महीने में भारत के कोर औद्योगिक क्षेत्रों की वृद्धि दर घटकर 5.4% रह गई, जो पिछले महीने 6% थी।
- मैन्युफैक्चरिंग पीएमआई में गिरावट: कमजोर घरेलू मांग के कारण मैन्युफैक्चरिंग पर्चेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (PMI) अगस्त 2021 के बाद के अपने सबसे निचले स्तर पर आ गया है।
- वैश्विक और बाह्य कारक: कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, अमेरिका द्वारा रूसी तेल आयातकों पर 100% टैरिफ लगाने की तैयारी, और वैश्विक अनिश्चितताएं इस चर्चा का मुख्य केंद्र हैं।
भारत की वर्तमान अर्थव्यवस्था की स्थिति और आंकड़े
कोर इंडस्ट्रीज इंडेक्स (ICI): जुलाई में वृद्धि दर घटकर 5.4% पर आ गई, हालांकि यह पिछले सात महीनों में दूसरी सबसे ऊंची वृद्धि दर थी।
- कोयला सेक्टर: इसमें 11 महीने का उच्च स्तर (7.6% की वृद्धि) देखा गया, लेकिन इसका मुख्य कारण पिछले वर्ष जुलाई की 12.3% की बड़ी गिरावट (लो बेस इफ़ेक्ट) था।
- रिफाइनरी उत्पाद और लौह अयस्क: रिफाइनरी उत्पादों में 2.7% की वृद्धि दर्ज की गई (जो जुलाई 2025 की गिरावट पर आधारित थी), जबकि लौह अयस्क क्षेत्र में 29.5% की मजबूत वृद्धि रही।
- स्टील सेक्टर: स्टील क्षेत्र की वृद्धि में भारी गिरावट आई और यह घटकर 2.9% (जून के 5.6% और पिछले साल के 15.7% से कम) पर आ गया।
- ऊर्जा और आयात: जुलाई में कच्चे तेल का आयात आयतन के हिसाब से 13.3% बढ़ा, जिससे आयात बिल में 41% की भारी उछाल आई। एलएनजी (LNG) आयात में 1.5% की मामूली वृद्धि दर्ज हुई।
- उज्ज्वल बिंदु: सीमेंट क्षेत्र की वृद्धि गति पकड़कर 13.1% हो गई, और बिजली क्षेत्र में 9% की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई।
इन स्थितियों के कारण
सांख्यिकीय कम आधार प्रभाव: कई सेक्टरों की मौजूदा ऊंची वृद्धि दर वास्तव में पिछले साल के बेहद कमजोर प्रदर्शन के आंकड़ों पर टिकी हुई है।
- घरेलू मांग में कमी: कमजोर घरेलू मांग और क्रय शक्ति में कमी के कारण विनिर्माण और अन्य उद्योग प्रभावित हुए हैं।
- कच्चे तेल की बढ़ती लागत और आयात पर निर्भरता: घरेलू कच्चा तेल और प्राकृतिक गैस क्षेत्र पिछले 14 महीनों से लगातार संकुचन का शिकार हैं, जिससे आयात बिल अप्रत्याशित रूप से बढ़ गया है।
- भू-राजनीतिक दबाव: अमेरिका जैसे देशों द्वारा रूस से तेल आयात करने वाले देशों पर लगाए जाने वाले भारी टैरिफ का खतरा।
भविष्य की स्थिति को लेकर चिंताएँ
निर्यातकों पर भारी बोझ: अमेरिकी टैरिफ नीतियों के कारण भारतीय निर्यातकों की राह कठिन हो सकती है।
- बाह्य निर्भरता की उच्च लागत: तेल की लगातार बढ़ती कीमतों और महंगे आयात से देश का विदेशी मुद्रा भंडार और राजकोषीय घाटा दबाव में आ सकता है।
- व्यापक मंदी का खतरा: यदि घरेलू मांग में सुधार नहीं हुआ, तो यह सुस्ती अन्य क्षेत्रों में भी फैल सकती है, जिससे बेरोजगारी और औद्योगिक ठहराव का जोखिम बढ़ जाएगा।
विश्लेषण:
आंकड़ों से स्पष्ट है कि भारतीय अर्थव्यवस्था की सतह के नीचे कई संरचनात्मक और सांख्यिकीय कमजोरियां छिपी हैं। कुछ क्षेत्रों (जैसे सीमेंट और बिजली) को छोड़कर अधिकांश क्षेत्र या तो कमजोर आधार प्रभाव पर चल रहे हैं या फिर वैश्विक अनिश्चितताओं से घिरे हैं।
आगे की राह:
घरेलू मांग को पुनर्जीवित करने के लिए लक्षित राजकोषीय उपायों की आवश्यकता है।
- ऊर्जा सुरक्षा के लिए नवीकरणीय ऊर्जा और घरेलू तेल-गैस के उत्पादन में तेजी लानी होगी।
- भू-राजनीतिक व्यापारिक जोखिमों से निपटने के लिए निर्यात बाजारों में विविधता लानी चाहिए।
निष्कर्ष
भारतीय अर्थव्यवस्था वर्तमान में सुस्त मांग, उच्च लागत और संभलती हुई वृद्धि के एक नाजुक दौर से गुजर रही है। यदि समय रहते नीतिगत स्तर पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले समय में देश को कड़े आर्थिक दबावों का सामना करना पड़ सकता है।
भारत में महिला श्रम बल सहभागिता एवं पीएलएफएस-2025: बढ़ती हिस्सेदारी और ग्रामीण-शहरी असमानता की चुनौतियाँ
सामान्य अध्ययन पेपर – III: प्रौद्योगिकी, आर्थिक विकास, जैव विविधता, पर्यावरण, सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन।
संदर्भ
किसी भी विकासशील अर्थव्यवस्था के लिए समावेशी विकास और आर्थिक संवृद्धि इस बात पर निर्भर करती है कि देश की कार्यशील आबादी में महिलाओं की भागीदारी कितनी प्रभावी है। भारत जैसे देश में, जहाँ जनसांख्यिकी लाभांश एक महत्वपूर्ण ताकत है, महिलाओं का श्रम बाजार में सक्रिय होना न केवल लैंगिक समानता के लिए बल्कि राष्ट्रीय सकल घरेलू उत्पाद (GDP) को गति देने के लिए भी अनिवार्य है।
आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस - PLFS) क्या है?
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) द्वारा शुरू किया गया आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण भारत में रोजगार औरबेरोजगारी के आंकड़ों का आकलन करने वाला एक प्रमुख राष्ट्रीय सर्वेक्षण है। यह सर्वेक्षण ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में श्रम बल सहभागिता दर (LFPR), श्रमिक-जनसंख्या अनुपात (WPR) और बेरोजगारी दर (UR) जैसे महत्वपूर्ण संकेतकों को नियमित अंतराल पर मापने का कार्य करता है।
चर्चा में क्यों है?
हाल ही में जारी पीएलएफएस (PLFS) 2025 के वार्षिक आंकड़ों और उसके विस्तृत विश्लेषणों ने देश में महिला श्रम बल सहभागिता दर (FLFPR) में आए बदलावों को उजागर किया है।
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच स्पष्ट विभाजन तथा महिला रोजगार की बदलती प्रकृति के कारण यह विषय नीति निर्माताओं, शिक्षाविदों बीच अत्यधिक चर्चा में है।
आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) - 2025
समग्र वृद्धि: 15 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए कुल FLFPR वर्ष 2019-20 के लगभग 30% से बढ़कर 2025 में 40% तक पहुँच गई है।
- ग्रामीण बनाम शहरी अंतर: यह वृद्धि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक तीव्र रही है, जहाँ FLFPR बढ़कर 45.9% हो गई, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह आंशिक रूप से बढ़कर 27.7% पर ही सीमित रही।
- क्षेत्रीय और राज्यवार विविधता: राज्यों के स्तर पर देखें तो बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, राजस्थान और हरियाणा जैसे राज्यों ने ग्रामीण क्षेत्रों में औसत वार्षिक प्रतिशत अंक (AAPP) के आधार पर राष्ट्रीय औसत से अधिक सुधार दर्ज किया है, जबकि कई शहरी क्षेत्रों में महिलाओं की औपचारिक क्षेत्र तक पहुँच अभी भी सीमित बनी हुई है।
- उल्लेखनीय है कि यह वृद्धि 2019-20 में ग्रामीण क्षेत्रों के 33% और शहरी क्षेत्रों के 23.3% के आधार स्तर से हुई है, जो क्रमशः 2025 में 45.9% और 27.7% तक पहुँची।
- शहरी सुधार में अग्रणी राज्य: शहरी क्षेत्रों में राजस्थान और गुजरात ने प्रति वर्ष 2 प्रतिशत अंक से अधिक की दर से सबसे मजबूत सुधार दर्ज किया। इसके अलावा उत्तराखंड, केरल, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, ओडिशा, बिहार और आंध्र प्रदेश ने भी राष्ट्रीय शहरी औसत से बेहतर प्रदर्शन किया।
महत्व
- आर्थिक सशक्तिकरण: महिलाओं की बढ़ती आर्थिक भागीदारी उन्हें वित्तीय रूप से स्वतंत्र बनाती है, जिससे परिवारों में निर्णय लेने की क्षमता में सुधार होता है।
- दीर्घकालिक विकास: यह भारत के 'विकसित भारत' और महिला-नेतृत्वा विकास के दृष्टिकोण को प्राप्त करने में मुख्य भूमिका निभाता है।
- कुशल नीति निर्माण: सटीक आंकड़े सरकार को लक्षित रोजगार योजनाएं, कौशल विकास कार्यक्रम और महिला-अनुकूल नीतियां बनाने में सहायता करते हैं।
प्रभाव
- सकारात्मक प्रभाव: ग्रामीण स्तर पर कृषि और घरेलू उद्यमों में महिलाओं की सक्रियता बढ़ी है, जिससे ग्रामीण परिवारों की आय में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है।
- चुनौतीपूर्ण प्रभाव: शहरी क्षेत्रों में औपचारिक नौकरियों के अभाव और घरेलू जिम्मेदारियों के 'दोहरे बोझ' के कारण शहरी महिलाओं की कार्यबल में अपेक्षित वृद्धि नहीं हो पा रही है।
चिंताएं
- गुणवत्ता और औपचारिक रोजगार का अभाव: ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश महिलाएं अवैतनिक पारिवारिक श्रम या अनौपचारिक कार्यों में संलग्न हैं, जहाँ सामाजिक सुरक्षा का अभाव है।
- घरेलू उत्तरदायित्व का बोझ: अध्ययन बताते हैं कि देखभाल अर्थव्यवस्था और घरेलू कामकाज का अत्यधिक बोझ महिलाओं को लंबे समय तक कार्य बाजार में टिकने से रोकता है।
- शहरी बाधाएं: शहरी क्षेत्रों में काम के लंबे घंटे, सुरक्षित परिवहन की कमी और बाल देखभाल सुविधाओं का अभाव महिलाओं की कार्यबल में राह कठिन बनाते हैं।
आगे की राह
सुलभ बुनियादी ढांचा: शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में किफायती बाल देखभाल केंद्र और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का विस्तार किया जाना चाहिए।
- औपचारिक कौशल प्रशिक्षण: महिलाओं को डिजिटल साक्षरता और आधुनिक विनिर्माण उद्योगों के अनुकूल तकनीकी कौशल से लैस करना होगा।
- लचीली कार्य प्रणालियाँ: निजी और सार्वजनिक क्षेत्र में 'वर्क फ्रॉम होम' या हाइब्रिड मॉडल को बढ़ावा दिया जाना चाहिए ताकि महिलाएं परिवार और करियर में संतुलन बना सकें।
निष्कर्ष
पीएलएफएस-2025 के आंकड़े दर्शाते हैं कि भारत में महिला श्रम बल सहभागिता में सकारात्मक बदलाव आ रहा है, किंतु ग्रामीण-शहरी असमानता अभी भी एक बड़ी चुनौती है। समावेशी विकास के लक्ष्य को पाने के लिए केवल रोजगार के आंकड़े बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि महिलाओं के लिए सुरक्षित, औपचारिक और गुणवत्तापूर्ण कार्य वातावरण सुनिश्चित करना होगा।
'ट्रिपल टेस्ट' और 'उद्योग' की परिभाषा: उच्चतम न्यायालय का नया निर्णय और श्रम न्यायशास्त्र पर इसके निहितार्थ
सामान्य अध्ययन पेपर – II: शासन व्यवस्था, संविधान, राजव्यवस्था, सामाजिक न्याय और अंतर्राष्ट्रीय संबंध।
संदर्भ
हाल ही में भारत के उच्चतम न्यायालय की नौ-न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने 'बैंगलोर वॉटर सप्लाई एंड सीवेज बोर्ड बनाम ए. राजप्पा (1978)' के ऐतिहासिक मामले में 'उद्योग' की परिभाषा तय करने वाले प्रसिद्ध 'ट्रिपल टेस्ट' के कानूनी प्रभाव और इसकी प्रासंगिकता पर एक महत्वपूर्ण निर्णय दिया है। यह मामला वर्षों से न्यायपालिका के विचाराधीन था, जो अंततः 'उत्तर प्रदेश राज्य बनाम जयवीर सिंह' मामले से होते हुए नौ-न्यायाधीशों की बेंच के पास पहुँचा था। यद्यपि औद्योगिक विवाद अधिनियम, 1947 अब निरस्त किया जा चुका है और इसके स्थान पर औद्योगिक संबंध संहिता, 2020 (IRC) लागू हो चुकी है, तथापि यह निर्णय श्रम न्यायशास्त्र, श्रमिक अधिकारों और नियोक्ताओं के दायित्वों के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में एक नया मोड़ लेकर आया है।
ट्रिपल टेस्ट क्या है?
1978 के सात-न्यायाधीशों के फैसले में न्यायमूर्ति वी.आर. कृष्ण अय्यर द्वारा 'ट्रिपल टेस्ट' प्रतिपादित किया गया था, जिसके माध्यम से यह तय किया जाता है कि कोई गतिविधि कानून के तहत 'उद्योग' के दायरे में आएगी या नहीं।
- यह परीक्षण श्रम कल्याण और औद्योगिक शांति के बीच एक मजबूत वैधानिक सेतु का काम करता है।
चर्चा के कारण
संवैधानिक पीठ का निर्णय: उच्चतम न्यायालय की नौ-न्यायाधीशों की बेंच ने बहुमत से यह तय किया कि 1978 का 'ट्रिपल टेस्ट' पुराने निरस्त हो चुके कानून के तहत लंबित सभी विवादों पर लागू रहेगा, लेकिन नए 'औद्योगिक संबंध संहिता, 2020' के संदर्भ में इसे मुख्य आधार नहीं बनाया जा सकता।
- न्यायिक मतभेद: इस निर्णय में जहाँ बहुमत ने परिभाषा में कुछ संशोधनों या स्पष्टीकरण की बात कही, वहीं न्यायमूर्ति बी.वी. नागरत्ना सहित कुछ अन्य न्यायाधीशों ने असहमति जताते हुए यह स्पष्ट किया कि इस ऐतिहासिक परीक्षण में किसी भी प्रकार के हस्तक्षेप की कोई आवश्यकता नहीं थी।
'उद्योग' की परिभाषा: ट्रिपल टेस्ट और औद्योगिक विवाद अधिनियम, 1947 की धारा 2(j)
धारा 2(j) के तहत प्रावधान: औद्योगिक विवाद अधिनियम, 1947 की धारा 2(j) के अंतर्गत 'उद्योग' शब्द को परिभाषित किया गया है।
- ट्रिपल टेस्ट की तीन अनिवार्य शर्तें:
- व्यवस्थित गतिविधि: कार्य किसी सुव्यवस्थित या संगठित तरीके से किया जाना चाहिए।
- नियोक्ता-कर्मचारी सहयोग: इसमें नियोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच सक्रिय सहयोग होना आवश्यक है।
- वस्तुओं और सेवाओं का उत्पादन/वितरण: मानवीय आवश्यकताओं को संतुष्ट करने के लिए वस्तुओं या सेवाओं का उत्पादन या वितरण होना चाहिए (इसमें विशुद्ध रूप से धार्मिक, आध्यात्मिक या घरेलू गतिविधियों को बाहर रखा गया है)।
- लाभ के उद्देश्य की अनुपस्थिति: इस परीक्षण की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि इसमें 'लाभ कमाने के उद्देश्य' को पूरी तरह अप्रासंगिक माना गया, जिसका अर्थ था कि कल्याणकारी संस्थाएं, अस्पताल और शैक्षणिक संस्थान भी इसके दायरे में आ गए। इसमें केवल कड़े अर्थों में 'संप्रभु कार्यों' को छूट दी गई थी।
मुख्य मुद्दा क्या है?
मुख्य विवाद यह था कि क्या सरकार के कल्याणकारी विभागों, अनुसंधान संस्थानों, वन और सिंचाई विभागों को 'उद्योग' माना जा सकता है? क्या 1978 के 'ट्रिपल टेस्ट' के दायरे को वर्तमान आर्थिक माहौल, उदारीकरण और निजीकरण के दौर में बदला जाना चाहिए, और क्या नई 'औद्योगिक संबंध संहिता, 2020' की धारा 2(p) की व्याख्या करते समय पुराने फैसलों को आधार बनाया जाना चाहिए?
न्यायालय के निर्णय: पुराने निर्णय बनाम नए निर्णय
पुराना दृष्टिकोण (1978 - BWSSB मामला): इसमें एक बहुत ही व्यापक और विस्तृत दायरा अपनाया गया था ताकि अधिकतम श्रमिकों को श्रम कानूनों का संरक्षण मिल सके। इसमें लाभ के उद्देश्य को दरकिनार कर गतिविधि की प्रकृति को मुख्य आधार बनाया गया।
- नया निर्णय (2026 - नौ-न्यायाधीशों की पीठ):
- न्यायालय ने पुराने मामलों (लंबित विवादों) के लिए तो 'ट्रिपल टेस्ट' को सुरक्षित रखा है।
- परंतु नए कानून (औद्योगिक संबंध संहिता, 2020 की धारा 2.p) के लिए यह स्पष्ट कर दिया है कि नए कानून की व्याख्या उसकी अपनी भाषा और वैधानिक संरचना के आधार पर स्वतंत्र रूप से की जाएगी, न कि पुराने 'ट्रिपल टेस्ट' को उसका एकमात्र 'मुख्य आधार' मानकर।
नए निर्णय की प्रासंगिकता एवं निहितार्थ
कानूनी स्पष्टता और पृथक्करण: न्यायालय ने पुराने और नए वैधानिक व्यवस्था के बीच एक स्पष्ट दीवार खींच दी है, जिससे भविष्य के कोड आधारित मुकदमों में नए सिरे से विधायी मंशा को समझने का अवसर मिलेगा।
- संक्रमणकालीन सुरक्षा: चूंकि लंबित मामलों में पुराने टेस्ट को बरकरार रखा गया है, इसलिए वर्तमान मुकदमों में अचानक से कानूनी अनिश्चितता या श्रमिकों के अधिकारों का हनन नहीं होगा।
वैधानिक प्रावधान
औद्योगिक विवाद अधिनियम, 1947 की धारा 2(j) ('उद्योग' की पुरानी परिभाषा)।
- औद्योगिक संबंध संहिता, 2020 (IRC) की धारा 2(p) ('उद्योग' की वर्तमान संहितागत परिभाषा)।
- श्रम कानून से जुड़े अन्य प्रावधान जैसे छंटनी, तालाबंदी, और हड़ताल से जुड़े नियम जो इन परिभाषाओं से सीधे प्रभावित होते हैं।
संवैधानिक प्रावधान
अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार): राज्य के अधीन काम करने वाले एक सामान्य दैनिक वेतन भोगी या माली और निजी क्षेत्र के कर्मचारी के बीच श्रम अधिकारों के मामले में मनमाना भेद नहीं किया जाना चाहिए।
- अनुच्छेद 21 (प्राण और दैहिक स्वतंत्रता का अधिकार): गरिमापूर्ण जीवन और सुरक्षित कामकाजी माहौल का अधिकार श्रमिकों के मूल अधिकारों से जुड़ा है।
- अनुच्छेद 43 (श्रम कल्याण - नीति निर्देशक तत्व): राज्य का यह दायित्व है कि वह सभी श्रमिकों को एक ऐसा जीवन स्तर और काम की उचित दशाएं सुनिश्चित करे जो सामाजिक और आर्थिक न्याय प्रदान करें।
अन्य महत्वपूर्ण बिंदु
बदलते आर्थिक आयाम: 1991 के उदारीकरण, वैश्वीकरण और निजीकरण के बाद से सरकारी नौकरियों से बड़ा तबका निकलकर निजी क्षेत्र और संविदात्मक व्यवस्था में पहुंचा है। ऐसे में एक स्पष्ट और मजबूत सुरक्षा कवच की आवश्यकता हमेशा बनी रहती है।
- औद्योगिक शांति बनाम श्रमिक कल्याण: 'ट्रिपल टेस्ट' केवल एकतरफा रूप से श्रमिकों का पक्ष नहीं लेता, बल्कि यह नियोक्ताओं के लिए भी छंटनी और उद्योग बंद करने के नियमों को विनियमित करता है, जिससे अंततः देश में 'औद्योगिक शांति' स्थापित होती है।
चिंताएं
- विशेषज्ञों की चिंता: कानूनी विश्लेषकों का मानना है कि यदि सरकारी विभागों (जैसे वन, सिंचाई, अनुसंधान आदि) को अत्यधिक संकीर्ण रूप से 'उद्योग' के दायरे से बाहर कर दिया गया, तो इन महकमों में कार्यरत लाखों असुरक्षित और अनौपचारिक श्रमिकों को श्रम कानूनों का संरक्षण मिलना बंद हो सकता है।
- कानूनी अस्पष्टता की आशंका: पुराने 'मुख्य आधार' को नए कोड से अलग करने पर, निचली अदालतों और न्यायाधिकरणों के समक्ष नए सिरे से व्याख्या को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
आगे की राह
संतुलित दृष्टिकोण: विधायिका और न्यायपालिका दोनों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि नए कानूनों की व्याख्या करते समय आर्थिक विकास और इज ऑफ डूइंग बिजनेस के साथ-साथ श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा हितों से कोई समझौता न हो।
- स्पष्ट विधायी दिशा-निर्देश: सरकार और श्रम मंत्रालयों को यह स्पष्ट करना चाहिए कि कल्याणकारी योजनाओं और संप्रभु कार्यों के बीच की रेखा क्या है, ताकि मुकदमों की लंबी कतार से बचा जा सके।
निष्कर्ष
यह फैसला दर्शाता है कि जहाँ न्यायपालिका पुराने और नए श्रम कानूनी ढाँचों के बीच एक स्पष्ट रेखा खींचना चाहती है, वहीं इससे उपजी अनिश्चितता निचली अदालतों और श्रमिकों दोनों के लिए नई चुनौतियाँ पैदा कर सकती है। वास्तविक चुनौती अब विधायिका और श्रम मंत्रालयों के सामने है कि वे IRC 2020 के तहत नियमों और दिशा-निर्देशों को इतना स्पष्ट बनाएं कि आर्थिक सुगमता (ईज़ ऑफ़ डूइंग बिज़नेस) और श्रमिक कल्याण, दोनों में से किसी की भी अनदेखी न हो। अंततः, 'उद्योग' की परिभाषा केवल एक तकनीकी कानूनी सवाल नहीं, बल्कि यह तय करती है कि श्रम कानूनों का संरक्षण किस-किस तक पहुँचेगा इसलिए इसकी व्याख्या में संतुलन बनाए रखना भारत के श्रम न्यायशास्त्र की दीर्घकालिक स्थिरता के लिए अनिवार्य है।
लोकसभा के सत्रावसान: 'असामान्य' देरी और इसके राजनीतिक निहितार्थ
सामान्य अध्ययन पेपर – II: शासन व्यवस्था, संविधान, राजव्यवस्था, सामाजिक न्याय और अंतर्राष्ट्रीय संबंध।
संदर्भ
भारतीय संसदीय प्रणाली में सत्र का अनिश्चितकालीन स्थगन होने के बाद उसके औपचारिक सत्रावसान तक की प्रक्रिया सामान्यतः तकनीकी और प्रशासनिक होती है। हालांकि, हाल ही में संपन्न मानसून सत्र के बाद सत्रावसान में हुई 10 दिनों की लंबी देरी ने राजनीतिक गलियारों और विधायी हलकों में नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
सत्रावसान क्या है?
सत्रावसान वह प्रक्रिया है जिसके तहत भारत के राष्ट्रपति संसद के सत्र को औपचारिक रूप से समाप्त करते हैं। सामान्य संसदीय परंपरा के अनुसार, सदन के अनिश्चितकालीन स्थगन के दो से चार दिन के भीतर सत्रावसान हो जाता है। इसके तहत सदन का सत्र आधिकारिक रूप से बंद हो जाता है और अगले सत्र के लिए नए सिरे से आहूत करने का मार्ग प्रशस्त होता है।
चर्चा में क्यों है?
परिसीमन विधेयक की अटकलें: कांग्रेस पार्टी और विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया है कि सत्रावसान में यह "असामान्य" देरी इस बात का संकेत हो सकती है कि केंद्र सरकार संसद का कोई विशेष सत्र बुलाकर 'परिसीमन' से संबंधित संभावित संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए आवश्यक राजनीतिक आंकड़े जुटाने का प्रयास कर रही है।
- रणनीतिक समयांतराल: विपक्ष का दावा है कि सत्र समाप्त होने के बावजूद सत्रावसान न करना कार्यपालिका की किसी सोची-समझी रणनीति या "कुटिल चाल" का हिस्सा हो सकता है, जिससे राजनीतिक समीकरण साधे जा सकें।
संवैधानिक प्रक्रिया और प्रावधान
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 85 के तहत संसद के सत्रों, स्थगन और सत्रावसान से संबंधित निम्नलिखित स्पष्ट प्रावधान किए गए हैं:
- अनुच्छेद 85(1): राष्ट्रपति समय-समय पर संसद के प्रत्येक सदन को ऐसे समय और स्थान पर बैठक के लिए आहूत करेगा जो वह ठीक समझे, और एक सत्र की अंतिम बैठक तथा अगले सत्र की प्रथम बैठक के बीच छह मास से अधिक का अंतर नहीं होगा।
- अनुच्छेद 85(2)(a): राष्ट्रपति समय-समय पर सदनों का सत्रावसान कर सकेगा।
- अनुच्छेद 85(2)(b): राष्ट्रपति लोकसभा का विघटन कर सकेगा।
- कार्यान्वयन: सत्रावसान की शक्ति औपचारिक रूप से राष्ट्रपति में निहित है, लेकिन इसका प्रयोग केंद्रीय मंत्रिपरिषद की सलाह पर किया जाता है। इसके लिए सदन में किसी औपचारिक प्रस्ताव की आवश्यकता नहीं होती है।
सत्रावसान में देरी का इतिहास और परंपराएं
ब्रिटिश संसदीय परंपरा का प्रभाव: भारत की सत्रावसान प्रणाली ब्रिटिश वेस्टमिंस्टर मॉडल पर आधारित है, जहाँ क्राउन (राजा/रानी) प्रधानमंत्री की सलाह पर संसद सत्र का सत्रावसान करता है।
- ऐतिहासिक दृष्टांत: स्वतंत्रता के बाद से भारतीय संविधान सभा में चर्चा के दौरान कार्यपालिका को यह अधिकार दिया गया ताकि सत्र के अनिश्चितकाल तक खिंचने या गतिरोध की स्थिति में विधायी प्रबंधन किया जा सके।
- प्रथा और नियम: एम.एन. कौल और एस.एल. शकधर की प्रतिष्ठित पुस्तक 'प्रैक्टिस एंड प्रोसीजर ऑफ पार्लियामेंट' के अनुसार, स्थगन और सत्रावसान आमतौर पर तुरंत या कुछ ही दिनों के भीतर हो जाते हैं, हालांकि कई बार प्रशासनिक कारणों से इसमें समय लग सकता है।
- ऐतिहासिक उदाहरण: संसद के इतिहास में इससे पहले भी सत्रावसान में देरी के उदाहरण देखने को मिले हैं। उदाहरण के लिए, 2015 के मानसून सत्र के दौरान सत्रावसान में 28 दिन की लंबी देरी हुई थी, तथा 2021 में भी ऐसा अंतराल 20 दिन तक खिंचा था। हालांकि, तब इसे सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया माना गया था, लेकिन वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में यह बहस का विषय बन गया है।
विपक्ष और समीक्षकों की चिंताएं
संसदीय पारदर्शिता का अभाव: विपक्ष का मानना है कि इस तरह की अनावश्यक देरी से सरकार की मंशा पर संदेह पैदा होता है कि क्या वह बिना पर्याप्त सार्वजनिक और राजनीतिक चर्चा के पिछले दरवाजे से कोई बड़ा संवैधानिक संशोधन देश पर थोपना चाहती है।
- शक्तियों का संतुलन: सत्रावसान में देरी यह दर्शाती है कि कार्यपालिका विधायी सत्रों के टाइमिंग और उसके नियंत्रण को अपने राजनीतिक लाभ के अनुसार साधने की कोशिश कर रही है, जो स्वस्थ लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।
आगे की राह
प्रशासनिक स्पष्टता: सरकार को सत्रावसान जैसी तकनीकी और संवैधानिक प्रक्रियाओं में होने वाली अनावश्यक देरी पर पारदर्शिता बरतनी चाहिए ताकि अनपेक्षित राजनीतिक अटकलों पर विराम लग सके।
- संसदीय गरिमा: विधायी संस्थानों की शुचिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है कि सत्रों के प्रबंधन को पूरी तरह से पारदर्शी और स्थापित लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप चलाया जाए।
निष्कर्ष
संसद के अनिश्चितकालीन स्थगन के बाद सत्रावसान में होने वाली लंबी देरी भले ही तकनीकी रूप से संवैधानिक दायरे में संभव हो, लेकिन जब इसके पीछे बड़े राजनीतिक बदलावों और परिसीमन जैसे संवेदनशील मुद्दों की चर्चा जुड़ जाती है, तो यह गंभीर बहस का विषय बन जाता है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह आवश्यक है कि विधायी प्रक्रियाएं केवल राजनीतिक रणनीतियों का साधन न बनकर संवैधानिक पवित्रता, जवाबदेही और पारदर्शिता का पालन करें।