CURRENT-AFFAIRS

Read Current Affairs

सल्फर डाइऑक्साइड (SO2​) उत्सर्जन और भारत के पर्यावरणीय मानक


संदर्भ

हाल ही में पर्यावरण मंत्रालय ने भारत के अधिकांश कोयला आधारित ताप विद्युत संयंत्रों के लिए सल्फर डाइऑक्साइड (SO2​) उत्सर्जन को घटाने वाली फ्लू गैस डिसल्फराइजेशन (FGD) प्रणाली लगाने की अनिवार्यता समाप्त/छूट दे दी है। यह निर्णय वर्ष 2015 के उस मूल आदेश को शिथिल करता है जिसमें सभी 180 कोयला संयंत्रों (600 इकाइयों) के लिए FGD स्थापित करना अनिवार्य किया गया था।

वर्तमान समाचार बिंदु

  • FGD स्थापना की धीमी प्रगति: 2017 की समय-सीमा बीत जाने के बाद भी केवल 8% इकाइयों में ही FGD प्रणालियाँ लगाई जा सकी हैं, जिनमें अधिकांश सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी NTPC द्वारा स्थापित की गई हैं।

  • नीति में बदलाव के आधिकारिक कारण:
    • देश में FGD विक्रेताओं की सीमित उपलब्धता।
    • अत्यधिक स्थापना लागत एवं बिजली दरों में वृद्धि की संभावना।
    • कोविड-19 महामारी के कारण उत्पन्न व्यवधान।
  • विशेषज्ञ मूल्यांकन समिति एवं मंत्रालय का तर्क:
    • कोयले में कम सल्फर: भारतीय कोयले में सल्फर की मात्रा प्राकृतिक रूप से कम होती है।
    • उत्सर्जन में नगण्य अंतर: FGD वाले और बिना-FGD वाले संयंत्रों के आसपास SO2​ के स्तर में कोई विशेष अंतर नहीं देखा गया और सभी स्तर तय सीमा से नीचे थे।
    • जलवायु तर्क (सल्फेट का प्रभाव): समिति और ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार सल्फेट्स ग्रीनहाउस गैसों के कारण होने वाले ग्लोबल वार्मिंग (तापमान वृद्धि) को दबाने/कम करने में सहायक होते हैं; अतः इन्हें घटाने से ग्लोबल वार्मिंग बढ़ सकती है।

NOTE- IPCC आकलन स्वीकार करता है कि सल्फेट्स में ताप-निरोधक क्षमता होती है, लेकिन इसे पूरी तरह सुरक्षित नहीं मानता।

  • द्वि-स्तरीय मानक: केवल 20% संयंत्रों (NCR के 10 किमी दायरे में, 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में, या प्रदूषण हॉटस्पॉट में स्थित) को ही 2028 तक FGD लगाना अनिवार्य किया गया है।
  • प्रशासनिक व नीतिगत चिंता: एक ही देश में समान प्रदूषक के लिए दो अलग-अलग पर्यावरणीय मानक लागू करना वैज्ञानिक सिद्धांतों और जनस्वास्थ्य प्रतिबद्धता के विपरीत माना जा रहा है।

सल्फर डाइऑक्साइड (SO2​) क्या है?

  • परिभाषा एवं भौतिक गुण:

    • यह एक अकार्बनिक, रंगहीन और तीखी, दम घोंटने वाली गंध (जलती हुई दियासलाई जैसी) वाली जहरीली गैस है।
  • उत्सर्जन के स्रोत:
    • मानवजनित: कोयला, तेल और डीजल जैसे जीवाश्म ईंधन के जलने से (मुख्यतः ताप विद्युत संयंत्रों और औद्योगिक भट्टियों द्वारा)।
    • प्राकृतिक: ज्वालामुखी विस्फोट और भू-तापीय गतिविधियों से।
  • पर्यावरणीय एवं वायु गुणवत्ता मानक:
    • यह केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के राष्ट्रीय परिवेशी वायु गुणवत्ता मानकों (NAAQS) के तहत मॉनिटर किए जाने वाले 12 प्रदूषकों में शामिल है।
  • द्वितीयक प्रदूषक एवं अम्ल वर्षा:
    • वायुमंडल में SO2​ ऑक्सीकृत होकर सल्फेट्स (SO2−​4) और सल्फ्यूरिक अम्ल (H2​SO4​) बनाती है, जो अम्लीय वर्षा का मुख्य कारण है।
    • यह वायुमंडल में जाकर PM2.5 (सूक्ष्म कणकीय पदार्थ) के निर्माण में भी योगदान देती है।
  • मानव स्वास्थ्य पर प्रभाव:
    • श्वसन तंत्र पर गंभीर असर डालती है; यह अस्थमा, ब्रोंकाइटिस, फेफड़ों में सूजन और आँखों/गले में जलन का कारण बनती है।
  • नियंत्रण तकनीक (FGD):
    • फ्लू गैस डिसल्फराइजेशन (FGD): यह एक ऐसी तकनीक है जो जीवाश्म ईंधन संयंत्रों की निकास गैसों से सल्फर डाइऑक्साइड को हटाती/अवशोषित करती है।

निष्कर्ष

पर्यावरणीय मानकों में कोई भी संशोधन वैज्ञानिक साक्ष्यों और पारदर्शी सार्वजनिक विमर्श पर आधारित होना चाहिए ताकि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा से समझौता न हो। आर्थिक एवं तकनीकी चुनौतियों का समाधान करते हुए संपूर्ण देश में एकसमान तथा संधारणीय प्रदूषण नियंत्रण नीति लागू करना ही समावेशी विकास के अनुकूल होगा।


विदेश व्यापार नीति (FTP) 2023 में संशोधन: बंधुआ मजदूरी (ज़रूरन श्रम) से निर्मित वस्तुओं के आयात पर प्रतिबंध

सामान्य अध्ययन पेपर – III:  प्रौद्योगिकी, आर्थिक विकास, जैव विविधता, पर्यावरण, सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन।

संदर्भ

हाल ही में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने भारत की विदेश व्यापार नीति (FTP) 2023 में एक ऐतिहासिक संशोधन किया है। इस नीतिगत बदलाव के माध्यम से भारत ने बंधुआ मजदूरी या ज़बरन श्रम से निर्मित या उत्पादित वस्तुओं के आयात को पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया है। यह निर्णय अंतर्राष्ट्रीय श्रम मानकों के अनुपालन और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में नैतिक व्यापार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लिया गया है।

बंधुआ मजदूरी (ज़बरन श्रम)? कानून और DGFT के अनुसार

विदेश व्यापार नीति 2023 में जोड़े गए नए पैराग्राफ 11.64 के तहत 'ज़बरन श्रम' की आधिकारिक परिभाषा तय की गई है।

DGFT एवं अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) कन्वेंशन 1930 (सं. 29) के अनुसार: "ज़बरन श्रम से तात्पर्य किसी भी ऐसे कार्य या सेवा से है, जो किसी व्यक्ति से किसी प्रकार का दंड या जुर्माना लगाने की धमकी देकर करवाया जाता है और जिसके लिए उस व्यक्ति ने अपनी इच्छा या स्वेच्छा से सहमति न दी हो।"

DGFT का मुख्य प्रावधान:

  • पूर्ण या आंशिक प्रतिबंध: ऐसे उत्पाद जिनका निर्माण पूरी तरह से या आंशिक रूप से ज़बरन श्रम द्वारा किया गया है, उनके आयात पर रोक होगी।

  • जांच प्रक्रिया: DGFT 'हैंडबुक ऑफ प्रोसीजर, 2023' के तहत जांच करेगा और जांच के निष्कर्षों के आधार पर सरकार विशिष्ट वस्तुओं को आयात प्रतिबंध सूची में अधिसूचित करेगी।
  • लागू होने की समय-सीमा: यह अधिसूचना आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशन के 30 दिनों के बाद प्रभावी होगी।

चर्चा के कारण - 

इस संशोधन के प्रमुख और अछूते कारण निम्नलिखित हैं:

  • अमेरिका की धारा 301 जांच: अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) द्वारा भारत सहित लगभग 60 देशों पर ज़बरन श्रम रोकने के लिए कड़े कानूनी ढांचे की कमी को लेकर धारा 301 जांच चलाई जा रही है।
  • प्रस्तावित 12.5% शुल्क का खतरा: USTR ने भारत द्वारा बंधुआ मजदूरी से बने आयात को प्रभावी ढंग से न रोकने का आरोप लगाते हुए भारतीय निर्यात पर 12.5% तक के अतिरिक्त दंडात्मक शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया था।
  • अमेरिकी धारा 122 की समय सीमा: अमेरिकी व्यापार अधिनियम की धारा 122 के तहत 10% अस्थायी शुल्क की समय-सीमा समाप्त होने से ठीक पहले भारत ने यह कदम उठाकर अपनी कानूनी स्थिति मजबूत की है।
  • अतिरिक्त जांच का सामना: भारत अतिरिक्त औद्योगिक क्षमता से जुड़े मामलों में भी USTR की एक अलग धारा 301 जांच का सामना कर रहा है।
  • यूरोपीय संघ (EU) के कड़े नियम: यूरोपीय संघ भी अपने बाजारों में 'फॉरस्ड लेबर रेगुलेशन' लागू कर रहा है, जहाँ बाज़ार पहुँच को नैतिक श्रम मानकों से जोड़ा जा रहा है।

बंधुआ मजदूरी हेतु राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय कानून

  • राष्ट्रीय कानून (भारत):

  • बंधुआ श्रम प्रणाली (उन्मूलन) अधिनियम, 1976: भारत में बंधुआ मजदूरी को गैर-कानूनी घोषित करता है और बंधुआ मजदूरों के पुनर्वास का प्रावधान करता है।
  • बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986: बच्चों और किशोरावस्था के श्रमिकों से असुरक्षित/ज़बरन श्रम पर रोक लगाता है।
  • भारतीय न्याय संहिता (BNS) / आईपीसी: मानव तस्करी और अवैध जबरन श्रम कराने पर आपराधिक दंड तय करता है।
  • विदेश व्यापार (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1992: इसी कानून की धारा 3 एवं 5 के तहत DGFT को यह नया आयात प्रतिबंध लागू करने का अधिकार मिला है।
  • अंतर्राष्ट्रीय कानून:
  • ILO कन्वेंशन सं. 29 (1930) व सं. 105 (1957): ज़बरन श्रम के उन्मूलन और इसके सभी रूपों पर वैश्विक प्रतिबंध से संबंधित हैं।
  • मानवाधिकारों की सार्वभौमिक घोषणा (UDHR - Article 4): गुलामी और दासता के सभी रूपों को प्रतिबंधित करता है।
  • सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स (SDG 8.7): वर्ष 2030 तक ज़बरन श्रम, आधुनिक गुलामी और मानव तस्करी को समाप्त करने का वैश्विक लक्ष्य।
  • भारत में संवैधानिक प्रावधान

  • अनुच्छेद 23 - मौलिक अधिकार: मानव के दुर्व्यापार (ह्यूमन ट्रैफिकिंग), बेगार और इसी प्रकार के अन्य ज़बरन श्रम को प्रतिषिद्ध करता है। इसका उल्लंघन कानूनन दंडनीय अपराध है।

  • अनुच्छेद 24: 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को कारखानों, खानों या अन्य जोखिम भरे कार्यों में नियोजन पर रोक लगाता है।
  • अनुच्छेद 39(e) एवं (f) (राज्य के नीति निदेशक तत्व - DPSP): स्वास्थ्य और शक्ति की रक्षा करने तथा श्रमिकों व बालकों के शोषण को रोकने का निर्देश देता है।
  • अनुच्छेद 42: काम की न्यायसंगत और मानवोचित दशाओं को सुनिश्चित करने का प्रावधान करता है।

इसके प्रभाव

क्षेत्र

सकारात्मक प्रभाव

चुनौतियाँ / संभावित प्रभाव

अंतर्राष्ट्रीय व्यापार

US सेक्शन 301 जांच में भारत का पक्ष मजबूत होगा, जिससे 12.5% दंडात्मक शुल्क से राहत मिल सकती है।

आयातकों को अपनी आपूर्ति श्रृंखला के प्रमाण देने होंगे, जिससे अनुपालन लागत बढ़ेगी।

वैश्विक बाजार पहुँच

EU और पश्चिमी बाजारों में भारतीय उत्पादों को "नैतिक रूप से निर्मित" का टैग मिलेगा।

जटिल वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में ज़बरन श्रम की सटीक पहचान करना प्रशासनिक चुनौती होगी।

घरेलू उद्योग

अनुचित प्रतिस्पर्धा और सस्ते, शोषित श्रम आधारित विदेशी आयात से घरेलू विनिर्माताओं का बचाव होगा।

कच्चे माल की त्वरित आपूर्ति में शुरुआती प्रक्रियात्मक देरी संभव है।

 

भारत एवं बंधुआ मजदूरी

भारत ऐतिहासिक रूप से बंधुआ मजदूरी से निपटने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। यद्यपि भारत में 1976 के कानून से बंधुआ मजदूरी समाप्त कर दी गई थी, फिर भी असंगठित क्षेत्रों (जैसे- ईंट भट्टे, कपड़ा उद्योग, कृषि) में इसके मामले सामने आते रहे हैं। इस अंतर्राष्ट्रीय नीतिगत संशोधन से भारत ने यह संदेश दिया है कि वह न केवल अपने देश के भीतर ज़बरन श्रम का विरोधी है, बल्कि विदेशों से ऐसे शोषित श्रम से निर्मित सामान को अपने देश में प्रवेश करने की अनुमति भी नहीं देगा।

वैश्विक परिदृश्य

वर्तमान वैश्विक व्यापार में "मानवाधिकार और आपूर्ति श्रृंखला स्वच्छता" केंद्रीय विषय बन चुके हैं:

  • अमेरिका का UFLPA (उइगर फोर्स्ड लेबर प्रिवेंशन एक्ट): अमेरिका ने जबरन श्रम से जुड़े सामानों पर अत्यंत सख्त आयात प्रतिबंध लागू किए हैं।
  • यूरोपीय संघ का कॉर्पोरेट सस्टेनेबिलिटी ड्यू डिलिजेंस डायरेक्टिव (CSDDD): वैश्विक कंपनियों के लिए अपनी पूरी वैल्यू-चेन में श्रम मानकों का पालन अनिवार्य करता है।
  • वैश्विक रुख: दुनिया भर की प्रमुख अर्थव्यवस्थाएं अब गैर-टैरिफ बाधाओं के रूप में श्रम एवं पर्यावरण मानकों का प्रयोग कर रही हैं।

इस रोक की प्रासंगिकता

  • कूटनीतिक एवं आर्थिक सुरक्षा: अमेरिकी व्यापार प्रतिबंधों (सेक्शन 301 टैरिफ) के वित्तीय जोखिम से भारत के निर्यातकों की रक्षा करना।

  • अंतर्राष्ट्रीय छवि में सुधार: भारत को एक जिम्मेदार और नैतिक वैश्विक व्यापार भागीदार के रूप में स्थापित करना।
  • समान अवसर: उन विदेशी कंपनियों पर रोक लगाना जो बंधुआ श्रम का उपयोग कर कम लागत पर सामान बनाकर भारतीय बाजार को प्रभावित करती हैं।

अन्य महत्वपूर्ण बिंदु

  • ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (GTRI) का दृष्टिकोण: GTRI के अनुसार, कॉटन, टेक्सटाइल, सोलर-पैनल पॉलीसिलिकॉन, सीफूड और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे सेक्टर ज़बरन श्रम जांच के लिहाज से सबसे संवेदनशील हैं।

  • जांच का अधिकार: DGFT अपने स्तर पर या प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर सकेगा और हैंडबुक ऑफ प्रोसीजर के अनुसार कार्रवाई करेगा।
  • आंशिक उपयोग भी प्रतिबंधित: यदि उत्पाद श्रृंखला के किसी छोटे हिस्से में भी ज़बरन श्रम का उपयोग हुआ है, तो पूरा उत्पाद प्रतिबंधित श्रेणी में आ सकता है।

विश्लेषण

DGFT का यह नीतिगत संशोधन भारत की रणनीतिक और नैतिक व्यापार कूटनीति का एक परिपक्व उदाहरण है। यह कदम एक ओर जहाँ अमेरिकी 12.5% दंडात्मक टैरिफ के दबाव को निष्प्रभावी करने के लिए कानूनी ढाल का कार्य करता है, वहीं दूसरी ओर यूरोपीय संघ जैसे सख्त मानकों वाले बाज़ारों में भारतीय निर्यातकों के लिए दीर्घकालिक अवसर खोलता है। हालांकि, इसकी वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि DGFT आयातित सामानों की आपूर्ति श्रृंखला की जांच कितनी पारदर्शी और कुशल प्रक्रिया से करता है।

आगे का रास्ता

  • मजबूत सत्यापन ढांचा: DGFT और कस्टम्स अधिकारियों के लिए पारदर्शी जांच और डिजिटल ट्रेसिबिलिटी सिस्टम विकसित किया जाना चाहिए।

  • उद्योगों का संवेदीकरण: भारतीय आयातकों और निर्यातकों को अंतर्राष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला ड्यू-डिलिजेंस नियमों के प्रति जागरूक करना।
  • द्विपक्षीय वार्ता: अमेरिका (USTR) और EU के साथ संवाद बनाए रखना ताकि नई नीति के आधार पर सेक्शन 301 के तहत प्रस्तावित शुल्कों से पूर्ण छूट प्राप्त की जा सके।
  • अंतर-मंत्रालयी समन्वय: श्रम मंत्रालय, वाणिज्य मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना।


निष्कर्ष

डीजीएफटी द्वारा विदेश व्यापार नीति में किया गया यह संशोधन भारत को अंतर्राष्ट्रीय श्रम मानकों के अनुरूप खड़ा करता है। यह न केवल भारत के संवैधानिक मूल्यों और मानवाधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि वैश्विक व्यापार में उत्पन्न हो रही नई टैरिफ चुनौतियों से भारतीय अर्थव्यवस्था को सुरक्षित रखने में भी एक मील का पत्थर साबित होगा।

भारत-अमेरिका रक्षा तकनीक साझेदारी: रणनीतिक महत्वाकांक्षाओं और औद्योगिक सच्चाई का अंतर

सामान्य अध्ययन पेपर – III  प्रौद्योगिकी, आर्थिक विकास, जैव विविधता, पर्यावरण, सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन।

संदर्भ

भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी पिछले दो दशकों में काफी मजबूत हुई है। ऐतिहासिक रूप से 'क्रेता-विक्रेता' के ढांचे तक सीमित रहने वाले ये संबंध अब हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए रणनीतिक तकनीक-सहयोग की ओर बढ़ रहे हैं। हाल के वर्षों में iCET और INDUS-X जैसी महत्त्वाकांक्षी पहलों ने दोनों देशों के रक्षा-प्रौद्योगिकी संबंधों को नई दिशा देने का प्रयास किया है, लेकिन औद्योगिक और व्यावहारिक धरातल पर कई चुनौतियाँ अभी भी बनी हुई हैं।

भारत-अमेरिका रक्षा प्रौद्योगिकी संबंध

दोनों देशों के बीच रक्षा-तकनीक संबंध केवल हथियारों की खरीद तक सीमित न होकर सह-विकास और सह-उत्पादन पर आधारित एक व्यापक तंत्र बनाने के उद्देश्य पर टिके हैं। भारत का लक्ष्य अपनी सैन्य क्षमता को उन्नत करते हुए रक्षा क्षेत्र में स्वदेशीकरण (आत्मनिर्भरता) को बढ़ावा देना है, जबकि अमेरिका भारत को हिंद-प्रशांत क्षेत्र में एक मजबूत रक्षा साझेदार के रूप में देखता है।

चर्चा का कारण

  • GE F414 इंजन सौदे में देरी: जनरल इलेक्ट्रिक (GE) के F414 जेट इंजन सौदे को लेकर बातचीत में गतिरोध और बढ़ती लागत ने चिंता पैदा की है।

  • लागत में भारी वृद्धि: F414 इंजन की अनुमानित लागत में लगभग तीन गुना वृद्धि और समर्पित उत्पादन लाइन के लिए $800 मिलियन के अतिरिक्त निवेश की मांग सामने आई है।
  • iCET व DTTI की धीमी प्रगति: द्विपक्षीय पहलों (iCET, DTTI, INDUS-X) की घोषणाओं और जमीनी स्तर पर तकनीकी हस्तांतरण के क्रियान्वयन में बड़ा अंतर देखा जा रहा है।

मुख्य मुद्दा क्या है?

  • राजनीतिक घोषणाओं और औद्योगिक परिणामों में अंतर: शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व द्वारा किए गए महत्त्वाकांक्षी वादों का रक्षा उद्योगों द्वारा समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन न हो पाना।

  • कड़े निर्यात नियंत्रण: अमेरिका के कड़े सुरक्षा मानक और नियम (जैसे ITAR) तकनीकी डेटा और विनिर्माण संबंधी ज्ञान साझा करने में बाधा बनते हैं।
  • प्रौद्योगिकी हस्तांतरण बनाम साधारण बिक्री: भारत वास्तविक बौद्धिक संपदा और विनिर्माण क्षमता चाहता है, जबकि अमेरिका अधिकतर मामलों में तैयार रक्षा प्रणालियों या सीमित असेंबली लाइसेंस की आपूर्ति करता है।

भारत-अमेरिका रक्षा व्यापार एवं आंकड़े

पहलू / रक्षा उपकरण

विवरण एवं वर्तमान आंकड़े

कुल रक्षा व्यापार (2002 से अब तक)

$22 बिलियन (₹1.8 लाख करोड़ से अधिक)

प्रमुख अमेरिकी खरीद

C-17, C-130J परिवहन विमान, P-8I समुद्री गश्ती विमान, अपाचे व चिनूक हेलीकॉप्टर, M777 होविट्ज़र।

हालिया ड्रोन सौदा (2024)

$3.5 बिलियन में 31 MQ-9B स्काईगार्डियन/सीगार्डियन ड्रोन का अधिग्रहण।

GE F414 इंजन मूल बनाम वर्तमान लागत

प्रति इंजन लागत ₹70–80 करोड़ से बढ़कर ₹200 करोड़ से अधिक हुई।

उत्पादन लाइन हेतु अतिरिक्त मांग

GE द्वारा समर्पित उत्पादन लाइन हेतु $800 मिलियन (₹7,576 करोड़) के निवेश की मांग।


GE इंजन का मामला

  • मामले की पृष्ठभूमि: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 2023 वाशिंगटन यात्रा के दौरान iCET के तहत GE F414 फाइटर जेट इंजन के भारत में लाइसेंस प्राप्त निर्माण को एक प्रमुख सफलता के रूप में प्रस्तुत किया गया था।

  • लागत में उछाल: प्रति इंजन लागत ₹70–80 करोड़ से बढ़कर ₹200 करोड़ से अधिक हो गई है, जिससे रक्षा बजट पर भारी दबाव बन रहा है।
  • अतिरिक्त वित्तीय मांग: GE ने एक समर्पित उत्पादन लाइन स्थापित करने के लिए भारत से लगभग $800 मिलियन (~₹7,576 करोड़) के अतिरिक्त निवेश की मांग की है।
  • प्रौद्योगिकी हस्तांतरण व IP विवाद: प्रौद्योगिकी के 100% हस्तांतरण, बौद्धिक संपदा अधिकारों (IPR) और अमेरिका के निर्यात-नियंत्रण नियमों पर असहमति ने वार्ताओं को जटिल बना दिया है।
  • बहु-स्तरीय वार्ताओं का जाल:
    • HAL तेजस मार्क-II (Tejas Mk-II) के लिए F414 की खरीद और निर्माण पर बातचीत कर रहा है।
    • DRDO और ADA प्रस्तावित एडवांस मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) तथा नौसेना के ट्विन-इंजन डेक-बेस्ड फाइटर (TEDBF) के लिए इसी इंजन को लेकर अलग से बातचीत कर रहे हैं।
    • परिणामस्वरूप, परस्पर जुड़ी वार्ताओं की जटिलता के कारण मामला गतिरोध की स्थिति में पहुँच गया है।

दृष्टि से गतिहीनता तक

  • DTTI (2012): रक्षा प्रौद्योगिकी और व्यापार पहल (DTTI) का गठन सह-विकास और सह-उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किया गया था। वर्षों की बैठकों के बावजूद यह कोई महत्वपूर्ण सैन्य क्षमता प्रदान किए बिना अप्रासंगिक हो गया।

  • iCET (2022): इसके तहत सेमीकंडक्टर, AI, क्वांटम, अंतरिक्ष और ड्रोन जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया, लेकिन इसका मुख्य रक्षा आकर्षण (GE F414) भी वार्ताओं के जाल में फंस गया।
  • INDUS-X (2023): रक्षा स्टार्ट-अप्स और शिक्षाविदों को जोड़ने के लिए शुरू की गई इस पहल ने भी अभी तक कोई ठोस सह-विकास परिणाम नहीं दिया है।
  • जेवलिन और स्ट्राइकर योजनाएँ: जेवलिन एंटी-टैंक मिसाइल और स्ट्राइकर कॉम्बैट व्हीकल के सह-उत्पादन पर एक दशक से जारी चर्चाएँ अब ठंडे बस्ते में जाती दिख रही हैं।
  • MQ-9B ड्रोन सौदा: $3.5 बिलियन के इस सौदे में भी स्थानीय असेंबली, आंशिक निर्माण और डोमेस्टिक MRO (रखरखाव) का जो ढांचा प्रस्तावित था, वह अभी तक धरातल पर नहीं उतरा है।

प्रौद्योगिकी हस्तांतरण का विभाजन एवं अनसुलझी वार्ताएं

  • संरचनात्मक अंतर: भारत का ध्यान दीर्घकालिक घरेलू विनिर्माण और बौद्धिक संपदा पर है, जबकि अमेरिका रणनीतिक तकनीक की सुरक्षा के दृष्टिकोण से निर्णय लेता है।

  • ITAR और निर्यात व्यवस्थाएँ: इंटरनेशनल ट्रैफिक इन आर्म्स रेगुलेशंस (ITAR) के तहत अमेरिका तकनीकी डेटा को अपनी व्यापक राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं के अधीन रखता है।
  • पारस्परिक रक्षा खरीद समझौता (RDPA): दोनों देश अब प्रस्तावित RDPA की ओर देख रहे हैं, लेकिन इससे भारत के उभरते रक्षा निर्माताओं को अमेरिका के बड़े और शक्तिशाली रक्षा दिग्गजों की सीधी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है।

अमेरिकी दृष्टिकोण

  • अमेरिकी कानूनों (विशेषकर ITAR) के तहत संवेदनशील रक्षा तकनीकों को केवल बहुत करीब और विश्वसनीय सहयोगियों के साथ ही साझा किया जा सकता है।

  • अमेरिका तकनीक और बौद्धिक संपदा के अनधिकृत प्रसार या सुरक्षा उल्लंघन के प्रति अत्यधिक सतर्क रहता है।
  • अमेरिकी कंपनियों का प्राथमिक लक्ष्य व्यावसायिक लाभप्रदता और अपने बौद्धिक अधिकारों का संरक्षण करना है।

भारत की चिंताएँ

  • क्रेता-विक्रेता संबंध में फँसना: भारत केवल एक बाज़ार नहीं बना रहना चाहता, बल्कि अपनी रक्षा आवश्यकताओं में पूर्ण आत्मनिर्भरता हासिल करना चाहता है।

  • बढ़ती लागत और देरी: सौदों में देरी से भारत की वायुसेना और नौसेना के आधुनिकीकरण (जैसे तेजस मार्क-II और AMCA) की समयसीमा प्रभावित होती है।
  • असमान प्रतिस्पर्धा: RDPA जैसे समझौतों से भारतीय रक्षा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (MSMEs) और स्टार्टअप्स के अमेरिकन दिग्गज कंपनियों के सामने टिकने पर आशंकाएँ हैं।

अन्य महत्वपूर्ण बिंदु

  • रणनीतिक स्वायत्तता: भारत किसी एक देश पर अपनी सैन्य निर्भरता सीमित रखना चाहता है, इसलिए रूस, फ्रांस और अन्य देशों से भी रक्षा साझेदारी संतुलित रखता है।

  • अग्रणी तकनीकों में अंतर-संचालनीयता: सैन्य अभ्यासों और रसद (Logistics) समझौतों के मामले में भारत-अमेरिका संबंध बहुत मजबूत हैं, लेकिन केवल औद्योगिक तकनीक हस्तांतरण का क्षेत्र ही कमजोर कड़ी बना हुआ है।

विश्लेषण

भारत-अमेरिका रक्षा संबंध परिचालन और सैन्य रणनीतिक स्तर पर काफी मजबूत हुए हैं, लेकिन औद्योगिक एवं तकनीकी स्तर पर ये अपेक्षाओं के अनुरूप परिणाम देने में विफल रहे हैं। अमेरिका के कड़े निर्यात नियंत्रण कानून और भारत की स्वदेशी विनिर्माण की प्राथमिकताओं के बीच मौलिक अंतर इस गतिरोध की मुख्य वजह है। जब तक रणनीतिक साझा हितों को औद्योगिक नियमों के अनुकूल नहीं बनाया जाता, तब तक यह अंतर बना रहेगा।

आगे का रास्ता

  • लचीली निर्यात नियंत्रण नीतियाँ: अमेरिका को भारत की रणनीतिक प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए ITAR नियमों में विशेष छूट या सरलीकरण प्रदान करना चाहिए।

  • समयबद्ध और पारदर्शी वार्ताएँ: GE F414 और अन्य लंबित सौदों की लागत और शर्तों को पारदर्शी बनाकर निश्चित समयसीमा में हल किया जाए।
  • मांग-आधारित सह-विकास: DTTI या iCET जैसी पहलों में केवल बड़ी बैठकों की जगह ठोस, छोटे और प्राप्त करने योग्य प्रोजेक्ट्स (MRO फैसिलिटी, कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग) पर ध्यान केंद्रित किया जाए।
  • भारतीय MSMEs का संरक्षण: RDPA या अन्य व्यापार समझौतों में भारतीय घरेलू रक्षा उद्योगों की सुरक्षा के लिए चरणबद्ध पहुँच और क्रेडिट तंत्र शामिल किया जाए।

निष्कर्ष

सच्ची रणनीतिक साझेदारी के लिए केवल व्यापारिक आंकड़े बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि क्षमता और तकनीक का वास्तविक हस्तांतरण आवश्यक है। यदि अमेरिका और भारत अपने संबंधों को 'खरीद-बिक्री' से आगे बढ़ाकर वास्तविक सह-उत्पादक के रूप में स्थापित करना चाहते हैं, तो दोनों देशों को अपनी प्रशासनिक और व्यापारिक बाधाओं को दूर करना होगा। केवल तभी यह रक्षा साझेदारी वैश्विक उथल-पुथल के दौर में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में एक स्थायी और ठोस स्तंभ बन सकेगी।


दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम में संशोधन: तेज़ाब के बलपूर्वक सेवन के शिकार पीड़ितों को कानूनी मान्यता और अधिकार

सामान्य अध्ययन पेपर  – II:  शासन व्यवस्था, संविधान, राजव्यवस्था, सामाजिक न्याय और अंतर्राष्ट्रीय संबंध।


संदर्भ

तेज़ाब हमला मानव समाज पर सबसे जघन्य, नृशंस और अमानवीय अपराधों में से एक है। ऐतिहासिक रूप से, कानूनी और सामाजिक व्यवस्था में 'तेज़ाब हमले' को केवल शरीर या चेहरे पर बाह्य रूप से तेज़ाब या अन्य संक्षारक पदार्थ फेंकने तक सीमित देखा जाता था। हालाँकि, अपराध के बदलते स्वरूप में ऐसे कई मामले सामने आए जहाँ पीड़ितों को प्रतिशोध या उत्पीड़न के उद्देश्य से बलपूर्वक तेज़ाब पिलाया गया। बाह्य घाव न दिखने के बावजूद, शरीर के आंतरिक अंगों (जैसे भोजन नली, आमाशय और श्वसन प्रणाली) को जो अपरिवर्तनीय क्षति पहुँचती है, वह बाह्य क्षत-विक्षतता से भी अधिक घातक और दर्दनाक होती है।

हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा सर्वोच्च न्यायालय को दी गई सूचना इस ऐतिहासिक कानूनी अंतर को समाप्त कर आंतरिक क्षति को भी पूर्ण कानूनी व सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाती है।

'दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम (RPwD), 2016' क्या है?

'दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016' भारत में दिव्यांग व्यक्तियों के अधिकारों को सुनिश्चित करने, उनके पुनर्वास, आरक्षण, स्वास्थ्य देखभाल और सामाजिक सुरक्षा के लिए लागू किया गया एक मील का पत्थर कानून है।

  • इसने पूर्ववर्ती 1995 के कानून का स्थान लिया और दिव्यांगता की श्रेणियों को 7 से बढ़ाकर 21 कर दिया।
  • इसी कानून के तहत 'तेज़ाब हमले के पीड़ित' को पहली बार विशेष रूप से शारीरिक दिव्यांगता की श्रेणी में शामिल किया गया था, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं, पेंशन, पुनर्वास तथा मुफ़्त चिकित्सा सहायता का कानूनी अधिकार मिल सके।

संशोधन के कारण एवं वर्तमान घटनाक्रम

यह संशोधन कानून के एक बड़े अभाव को दूर करने के लिए किया गया है।

  • विद्यमान विसंगति: 2016 के कानून के तहत केवल उन्हीं व्यक्तियों को लाभ मिलता था जो बाह्य रूप से (त्वचा या चेहरे पर) तेज़ाब फेंकने के शिकार हुए थे। बलपूर्वक तेज़ाब पिलाने से आंतरिक अंगों के नष्ट होने पर भी पीड़ितों को 'RPwD Act, 2016' के तहत दिव्यांगता प्रमाण पत्र या पुनर्वास लाभ नहीं मिल पाता था।
  • संशोधन की अधिसूचना: केंद्र सरकार ने 22 मई 2026 को एक अधिसूचना जारी कर RPwD अधिनियम की अनुसूची में संशोधन किया।
  • सर्वोच्च न्यायालय में जानकारी: केंद्र सरकार के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन न्यायाधीशों की पीठ के समक्ष यह स्पष्ट किया कि अधिनियम की अनुसूची में संशोधन कर परिभाषा का विस्तार कर दिया गया है।
  • पूर्वलक्षी प्रभाव: यह संशोधन पूर्वलक्षी प्रभाव से लागू होगा। इसका अर्थ यह है कि 22 मई 2026 से पूर्व जिन पीड़ितों को बलपूर्वक तेज़ाब पिलाने के कारण आंतरिक क्षति हुई है, वे भी इस अधिनियम के तहत दिव्यांगता लाभ और सरकारी सहायता पाने के पात्र होंगे।

'दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016' के तहत प्रमुख प्रावधान

इस अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत पीड़ितों को निम्नलिखित अधिकार और सुविधाएँ प्रदान की जाती हैं:

  • मुफ़्त इलाज और शल्य चिकित्सा: सरकारी व निजी अस्पतालों में प्राथमिक उपचार, नि:शुल्क पुनर्निर्माण शल्य चिकित्सा तथा दीर्घकालिक चिकित्सा सहायता।
  • आरक्षण एवं रोज़गार: सरकारी नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों में आरक्षण का लाभ।
  • वित्तीय एवं सामाजिक सुरक्षा: राज्य सरकार की योजनाओं के अंतर्गत वित्तीय सहायता, पेंशन और कौशल विकास प्रशिक्षण।
  • सुगम्यता: सार्वजनिक स्थानों और स्वास्थ्य केंद्रों में प्राथमिकता के आधार पर सहायता।

तेज़ाब हमला पीड़ित की नई परिभाषा

अधिनियम में संशोधन के पश्चात अब “तेज़ाब हमले के पीड़ित” की परिभाषा को व्यापक बनाते हुए निम्न रूप में परिभाषित किया गया है:

"तेज़ाब हमले का पीड़ित अर्थ है कोई भी व्यक्ति जो तेज़ाब या अन्य समान संक्षारक पदार्थ को फेंकने, पिलाने/देने, छलकने, हिंसात्मक हमले, आत्म-क्षति या दुर्घटना के कारण बाह्य रूप से अथवा आंतरिक रूप से विकृत या क्षतिग्रस्त हुआ हो।"

इस नई परिभाषा ने बाह्य एवं आंतरिक विकृति के अंतर को समाप्त कर दिया है।

सर्वोच्च न्यायालय का ऐतिहासिक निर्णय

इस संशोधन की पृष्ठभूमि में सर्वोच्च न्यायालय का कड़ा रुख और मानवीय हस्तक्षेप था:

  • अनुच्छेद 142 का प्रयोग: मई 2026 में शीर्ष अदालत ने याचिकाकर्ताओं (वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी द्वारा प्रस्तुत) की दलीलों पर सुनवाई करते हुए अपने असाधारण अधिकारों का प्रयोग किया था।
  • अदालत का दृष्टिकोण: अदालत ने माना था कि "जिन व्यक्तियों ने बलपूर्वक तेज़ाब निगलने की असीम पीड़ा झेली है, उन्हें केवल इसलिए सरकारी लाभों से वंचित नहीं रखा जा सकता क्योंकि उनकी क्षति बाह्य रूप से दिखाई नहीं देती।"
  • कड़े कानूनों का निर्देश: सर्वोच्च न्यायालय ने केंद्र सरकार को यह संकेत भी दिए कि ऐसे "अत्यंत निर्दयी और जघन्य" अपराधों के अपराधियों को कड़ी सजा देने के लिए दंड और ज़मानत से जुड़े कानूनों में भी कड़े बदलाव किए जाने चाहिए।

संविधान का अनुच्छेद 142

भारतीय संविधान का अनुच्छेद 142 सर्वोच्च न्यायालय को 'पूर्ण न्याय' प्रदान करने के लिए विशेषाधिकार और पूर्ण शक्तियाँ प्रदान करता है।

  • उद्देश्य: यदि किसी मामले में मौजूदा कानून मौन है, अपर्याप्त है या प्रक्रियात्मक विलंब के कारण किसी पीड़ित को न्याय नहीं मिल पा रहा है, तो सर्वोच्च न्यायालय इस अनुच्छेद का प्रयोग करके ऐसा आदेश या डिक्री जारी कर सकता है जो संपूर्ण देश में बाध्यकारी होती है।
  • प्रासंगिक प्रयोग: इस मामले में न्यायालय ने विधायिका के औपचारिक संशोधन का इंतज़ार किए बिना ही अनुच्छेद 142 के तहत बलपूर्वक तेज़ाब पिलाने के पीड़ितों को तुरंत राहत देने का आदेश दिया था।

अन्य महत्त्वपूर्ण कानूनी बिंदु

  • भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023: 'भारतीय न्याय संहिता' (BNS) की धारा 124 के तहत तेज़ाब फेंकने और तेज़ाब पिलाने दोनों कृत्यों को अपराध माना गया है, जिसमें 10 वर्ष के कारावास से लेकर आजीवन कारावास और जुर्माने का प्रावधान है।

  • पूर्व में विसंगति: BNS में दोनों कृत्य दंडनीय अपराध थे, किंतु RPwD अधिनियम, 2016 में केवल तेज़ाब फेंकना ही शामिल था। नए संशोधन ने आपराधिक कानून (BNS) और कल्याणकारी कानून (RPwD Act) के बीच के इस विरोधाभास को समाप्त कर दिया है।

इस परिवर्तन के दूरगामी प्रभाव

  • न्याय का दायरा व्यापक: अब आंतरिक अंगों (ग्रासनली (Esophagus), आमाशय (Stomach) आदि) के स्थायी रूप से क्षतिग्रस्त होने पर भी पीड़ितों को कानूनी दिव्यांगता का दर्जा मिलेगा।

  • चिकित्सा सहायता तक आसान पहुँच: आंतरिक क्षति के मामलों में कई वर्षों तक जटिल सर्जरी और उपचार की आवश्यकता होती है; अब पीड़ितों को मुफ़्त इलाज का अधिकार मिलेगा।
  • आर्थिक पुनर्वास: सरकारी योजनाओं, पेंशन और आरक्षण का लाभ मिलने से पीड़ित आत्म-निर्भर बन सकेंगे।
  • पूर्वलक्षी राहत: पूर्वलक्षी प्रभाव के कारण पुराने मामलों के पीड़ित भी अब न्याय और वित्तीय सहायता के हकदार बन गए हैं।

प्रमुख चिंताएँ एवं चुनौतियाँ

  • खुले बाज़ार में तेज़ाब की उपलब्धता: सर्वोच्च न्यायालय (लक्ष्मी बनाम भारत संघ, 2013) के दिशानिर्देशों के बावजूद बाज़ार में तेज़ तेज़ाब और संक्षारक रसायनों की अवैध एवं बिना नियमन के बिक्री जारी है।

  • दिव्यांगता प्रतिशत का आकलन: आंतरिक क्षति के मामलों में दिव्यांगता का प्रतिशत तय करना बेहद जटिल होता है, जिससे प्रशासनिक स्तर पर पीड़ितों को प्रमाण पत्र मिलने में देरी होती है।
  • अस्पतालों की संवेदनहीनता: कई निजी अस्पताल अब भी मुफ़्त प्राथमिक उपचार देने से कतराते हैं।
  • न्यायिक विलंब: अदालतों में मुकदमों की धीमी गति और कम दोषसिद्धि दर पीड़ितों के मनोबल को तोड़ती है।

NCRB रिपोर्ट के अनुसार आँकड़े

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आधिकारिक आँकड़ों के अनुसार भारत में तेज़ाब हमलों की स्थिति:

वर्ष

दर्ज तेज़ाब हमले के मामले

प्रयास

2021

176

—

2022

202

—

2023

207

65

  • दोषसिद्धि दर: NCRB 2023 के आँकड़ों के अनुसार, अदालतों में लंबित 703 मुकदमों में से केवल 16 मामलों में दोषसिद्धि हुई, जबकि 27 मामले बरी में समाप्त हुए।
  • सर्वाधिक प्रभावित राज्य: पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों में सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए हैं।
  • अदृश्य मामले: गैर-सरकारी संगठनों का अनुमान है कि सामाजिक कलंक और पुलिस रिपोर्ट न दर्ज होने के कारण वास्तविक मामलों की संख्या प्रतिवर्ष 1,000 के करीब हो सकती है।

विश्लेषण

यह संशोधन भारतीय न्यायशास्त्र में 'प्रक्रियात्मक न्याय' से 'सारभूत न्याय' की ओर एक बड़ा कदम है। बाह्य और आंतरिक क्षति के भेद को समाप्त करके न्यायपालिका और कार्यपालिका ने यह स्वीकार किया है कि अपराध की भयावहता पीड़ित के शारीरिक घावों के स्थान से नहीं, बल्कि उसके जीवन पर पड़े आजीवन दुष्प्रभाव से तय होती है। यह निर्णय मानवाधिकारों की सुरक्षा और समावेशी समाज के निर्माण में एक मील का पत्थर है।

आगे की राह

  • सख्त नियमन: खुदरा बाज़ार में तेज़ाब की बिक्री पर डिजिटल निगरानी और आधार-आधारित कड़े नियम लागू किए जाने चाहिए।

  • सरल मूल्यांकन प्रक्रिया: आंतरिक चोटों से पीड़ित व्यक्तियों के लिए विशेष मेडिकल बोर्ड का गठन कर दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को त्वरित और सुगम बनाया जाए।
  • फास्ट-ट्रैक अदालतें: तेज़ाब हमले के मामलों के निपटारे के लिए समयबद्ध फास्ट-ट्रैक अदालतों का संचालन सुनिश्चित हो ताकि दोषसिद्धि दर में वृद्धि हो सके।
  • व्यापक पुनर्वास नीति: केवल वित्तीय मदद ही नहीं, बल्कि मनोवैज्ञानिक परामर्श और सुरक्षित रोज़गार के अवसर प्राथमिकता पर प्रदान किए जाएँ।

निष्कर्ष

केंद्र सरकार द्वारा RPwD अधिनियम, 2016 में किया गया यह संशोधन और सर्वोच्च न्यायालय का अनुच्छेद 142 के तहत मानवीय हस्तक्षेप केवल एक कानूनी सुधार नहीं, बल्कि न्याय और मानवीय गरिमा की पुनर्स्थापना है। यह इस बात का स्पष्ट संदेश है कि न्याय प्रणाली किसी भी पीड़ित को कानून की सूक्ष्म परिभाषाओं के कारण असहाय नहीं छोड़ेगी। अब आवश्यकता इस बात की है कि इस संशोधन का धरातल पर कड़ाई और संवेदनशीलता के साथ पालन हो, ताकि हर पीड़ित को सम्मान, पुनर्वास और त्वरित न्याय मिल सके।



जीवन और स्वतंत्रता की रक्षा: गैर-अदालती घंटों में आपातकालीन न्यायिक पहुँच और SOP की आवश्यकता

सामान्य अध्ययन पेपर – II:  शासन व्यवस्था, संविधान, राजव्यवस्था, सामाजिक न्याय और अंतर्राष्ट्रीय संबंध।

संदर्भ

भारतीय संविधान का अनुच्छेद 21 प्रत्येक नागरिक को जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का मौलिक अधिकार प्रदान करता है। इन अधिकारों के हनन की स्थिति में न्यायपालिका (अनुच्छेद 32 एवं 226 के तहत) अंतिम रक्षक के रूप में कार्य करती है। हालाँकि, पारंपरिक अदालती समयसीमा और अवकाश के कारण कई बार नागरिकों को संकट के समय तत्काल न्यायिक सुरक्षा मिलने में कठिनाई होती है।

मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) क्या है?

मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) नियमों और प्रक्रियाओं का एक ऐसा आधिकारिक ढांचा है, जो यह निर्धारित करता है कि अदालत के नियमित घंटों के बाद, सप्ताहांत या छुट्टियों के दौरान तत्काल और गंभीर मामलों (जैसे अवैध हिरासत या आसन्न विध्वंस) में आपातकालीन याचिकाओं पर सुनवाई कैसे और कितनी जल्दी की जाएगी।

चर्चा का कारण

हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय में अधिवक्ता महेरविश रेइन द्वारा एक याचिका दायर की गई, जिसमें माँग की गई कि जीवन और स्वतंत्रता को प्रभावित करने वाले मामलों के लिए 24/7 न्यायिक पहुँच हेतु एक संस्थागत SOP बनाया जाए।

  • देर रात की जाने वाली गिरफ्तारियों और सुबह-सुबह होने वाली प्रशासनिक विध्वंस कार्यवाइयों की घटनाओं को आधार बनाया गया।
  • छुट्टियों और सप्ताहांत के दौरान कार्यकारी कार्यवाइयों के खिलाफ तत्काल स्टे (स्थगन) न मिल पाने का मुद्दा उठाया गया।

सर्वोच्च न्यायालय द्वारा व्यक्त विचार

मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली तीन न्यायाधीशों की पीठ ने याचिका पर विचार करते हुए कहा:

  • अदालतें आपातकालीन मामलों पर विचार करने के लिए "प्रतिक्रिया समय" को कम करने हेतु एक SOP बनाने पर विचार कर सकती हैं।
  • पीठ ने मौखिक टिप्पणी में कहा कि अति-आवश्यक उल्लेख के बाद "एक घंटे के भीतर" अदालत की ओर से प्रतिक्रिया आनी चाहिए।
  • प्रशासनिक बनाम न्यायिक पक्ष: पीठ ने स्पष्ट किया कि चूंकि उच्च न्यायालयों पर शीर्ष अदालत का सीधा प्रशासनिक नियंत्रण नहीं होता (संघीय ढांचे के कारण), इसलिए इसे न्यायिक आदेश के माध्यम से लागू करना आवश्यक हो सकता है।

मुख्य मुद्दा क्या है?

मुख्य मुद्दा "न्यायिक सुलभता का समयबद्ध न होना" है।

  • अस्थाई सीमाएं: क्या नागरिकों की स्वतंत्रता की रक्षा केवल अदालत के कार्य-समय (सुबह 10:30 से शाम 4:00 बजे तक) तक सीमित हो सकती है?
  • अपूरणीय क्षति: जब तक अदालतें खुलती हैं, तब तक अवैध गिरफ्तारी, निर्वासन या मकान ढहाए जाने जैसी कार्यवाइयां पूरी हो चुकी होती हैं, जिससे पीड़ित को अपूरणीय क्षति पहुँचती है।

नागरिकों के जीवन और स्वतंत्रता के लिए इसका महत्व

  • संविधान रात में सो नहीं सकता: लोकतंत्र में राज्य की शक्तियों के दुरुपयोग से नागरिकों को बचाने के लिए संविधान को हर समय क्रियाशील रहना चाहिए।

  • अनुच्छेद 21 का वास्तविक क्रियान्वयन: यदि किसी नागरिक के घर को देर रात गिराया जा रहा हो या उसे अवैध रूप से हिरासत में लिया गया हो, तो उसके पास सुबह का इंतज़ार किए बिना न्याय का दरवाजा खटखटाने का व्यावहारिक साधन होना चाहिए।

अदालत में दी गई अन्य प्रमुख दलीलें व टिप्पणियाँ

  • सोलिसिटर-जनरल तुषार मेहता: उन्होंने सुझाव दिया कि SOP तैयार करने का कार्य प्रशासनिक स्तर पर होना चाहिए, न कि न्यायिक आदेश द्वारा।

  • न्यायमूर्ति जोयमाल्या बागची की टिप्पणी: उन्होंने कहा कि नियमित कार्य-घंटों और उसके बाद के घंटों के दृष्टिकोण में अंतर हो सकता है और इसे न्याय के इनकार के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। डिजिटल फाइलिंग, ईमेल या फोन कॉल के माध्यम से न्याय प्रणाली को सक्रिय किया जा सकता है।
  • याचिकाकर्ता की दलील: सुश्री रैन ने कहा कि हालांकि ई-फाइलिंग और वर्चुअल सुनवाई की तकनीक उपलब्ध है, लेकिन इन्हें अभी तक एक एकीकृत आपातकालीन ढांचे में शामिल नहीं किया गया है।

अदालतों का वर्तमान संस्थागत ढांचा

  • सीमित व्यवस्था: वर्तमान में नियमित अदालती घंटों, कार्य दिवसों और छुट्टियों के दौरान केवल 'अवकाश पीठों' का प्रावधान है।

  • प्रक्रियात्मक जटिलता: गैर-अदालती घंटों में रजिस्ट्री या जज के आवास पर अर्जी लगाने की प्रक्रिया अत्यधिक अनौपचारिक, असंगत और आम नागरिक की पहुँच से बाहर है।

अन्य महत्वपूर्ण बिंदु

  • प्रौद्योगिकी का एकीकरण: ई-फाइलिंग और डिजिटल कोर्ट रूम की सफलता के बाद 24/7 आपातकालीन डेस्क स्थापित करना तकनीकी रूप से संभव है।

  • अंतरराष्ट्रीय मिसालें: कई वैश्विक क्षेत्राधिकारों में ड्यूटी मजिस्ट्रेट या आपातकालीन न्यायिक प्रणाली 24 घंटे कार्यरत रहती है।

विश्लेषण

प्रस्तावित SOP नागरिक अधिकारों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से एक क्रांतिकारी कदम है, जो राज्य की निरंकुशता पर अंकुश लगाएगा। हालाँकि, इसके व्यावहारिक क्रियान्वयन में अदालती संसाधनों की कमी, न्यायाधीशों पर पहले से मौजूद कार्यभार और इस सुविधा के संभावित दुरुपयोग जैसी चुनौतियाँ भी शामिल हैं। एक संतुलन बनाना आवश्यक है ताकि केवल वास्तविक और अति-आवश्यक मामलों को ही आपातकालीन तंत्र के माध्यम से सुना जाए।

आगे का रास्ता

  • एकीकृत डिजिटल आपातकालीन डेस्क: प्रत्येक न्यायालय (उच्च न्यायालयों और सर्वोच्च न्यायालय) में एक समर्पित 24/7 ई-फाइलिंग सुविधा और नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए।

  • स्पष्ट दिशा-निर्देश: यह परिभाषित किया जाए कि कौन से मामले 'जीवन और स्वतंत्रता' (जैसे अवैध हिरासत, फांसी, आसन्न विध्वंस) के दायरे में आते हैं ताकि निरर्थक याचिकाओं की बाढ़ न आए।
  • ड्यूटी रोस्टर प्रणाली: न्यायाधीशों के लिए घूर्णन आधार पर ऑन-कॉल ड्यूटी रोस्टर बनाया जाए, जिससे संस्थागत ढांचा बिना किसी अतिरिक्त दबाव के सुचारू रूप से कार्य कर सके।

निष्कर्ष

संवैधानिक उपचारों की उपलब्धता केवल सैद्धांतिक नहीं, बल्कि व्यावहारिक होनी चाहिए। यदि प्रशासनिक कार्यवाइयां 24 घंटे हो सकती हैं, तो नागरिकों के अधिकारों का रक्षक 'न्याय का द्वार' भी कभी बंद नहीं होना चाहिए। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा इस SOP पर विचार करना भारतीय न्याय प्रणाली को अधिक संवेदनशील, उत्तरदायी और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।